परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न.
दैनिक आगाज इंडिया 2 जून 2025 इंदौर, शासकीय सेवकों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में आज यहां कलेक्टर श्री आशीष की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने निर्देश दिये कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि सभी शासकीय सेवकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो। उनके पेंशन, क्रमोन्नति, समयमान आदि का लाभ उन्हें निर्धारित समय पर मिले। इस संबंध में उनके कोई भी प्रकरण लम्बे समय तक लंबित नहीं रहे। शासकीय सेवकों को समय पर वेतन मिलना सुनिश्चित किया जाये।
बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव दिये और स्वत्वों के भुगतान के संबंध में आ रही समस्याएं बताई। कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने कलेक्टर श्री आशीष सिंह के प्रति आभार व्यक्त करने हुए कहा कि यह बैठक लम्बे समय बाद हो रही है, अब हमारी समस्याएं त्वरित निराकृत होंगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आज बैठक में दिये गये निर्देशों के पालन की 10 दिन बाद पुन: समीक्षा की जायेगी। उन्होंने बैठक में कहा कि पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों के समयमान और क्रमोन्नति के प्रकरण सभी तहसीलदार समय-सीमा में सुनिश्चित करें। सभी तहसीलदारों से यह प्रमाण-पत्र लिया जायेगा कि उनके अधिनस्थ सभी पटवारियों और राजस्व निरीक्षकों के समयमान वेतन और क्रमोन्नति का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं है। इसके पश्चात ही तहसीलदारों के समयमान और क्रमोन्नति के प्रकरण निराकृत किये जायेंगे। इस तरह की व्यवस्था बाद में अन्य विभागों में भी शुरू की जायेगी। उन्होंने दिव्यांग कर्मचारियों के लिये कार्यालयों में जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिये। बैठक में शिक्षकों की समस्याओं के भी त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
CMHelpline
CM Madhya Pradesh