दैनीक आगाज इंडिया 10 जून 2025 इंदौर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री सिद्धार्थ जैन ने इंदौर जिले के ग्राम पंचायत फुलकराडिया का ओचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राम में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा गठित स्व सहायता समूह के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर समूह के सदस्यों द्वारा किए जा रहे आय अर्जक गतिविधियों और समूह लेखा संधारण का अवलोकन भी किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने लखपति दीदी योजना के अंतर्गत ग्राम संगठन स्तर पर किए जा रहे सत्यापन कार्य का अवलोकन किया और समूह के सदस्यों से सीधा संवाद किया। इस संवाद में शासन की अन्य योजनाओं से लाभ लेकर किस प्रकार अपनी आजीविका में वृद्धि की जा सकती है, इस पर विस्तृत चर्चा की गई। श्री जैन ने रेडीमेड गारमेंट्स की संभावनाओं पर भी समूह के सदस्यों से चर्चा की और सिलाई केंद्र स्थापना के संबंध में विचार-विमर्श किया। इस दौरान समूह सदस्यों ने आधुनिक सिलाई मशीनों की उपलब्धता के लिए अनुरोध किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा पंचायत में किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया और आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देश प्रदान किए गए।



