जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने किया वर्चुअली शुभारंभ।
दैनिक आगाज इंडिया 29 मई 2025 इंदौर, किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकी और वैज्ञानिक सलाह देने के उद्देश्य से इंदौर जिले में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है। अभियान का वर्चुअली शुभारंभ जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने सांवेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कदवाली बुजुर्ग से किया। राज्य शासन के निर्देश पर चलने वाला यह अभियान 12 जून 2025 तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जाएगा।
कदवाली बुजुर्ग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि किसानों के हित में यह बहुत बड़ा अभियान है। इससे उन्हें कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने में मदद मिलेगी। श्री सिलावट ने हाल ही में केंद्र शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर श्री हुकुम पटेल, श्री रवि वाजपेई, श्री गोविन्द सिंह, श्री रमेश पटेल, उप संचालक क़ृषि कल्याण श्री सी.एल. केवड़ा और क़ृषि अभियांत्रिकी के इंजीनियर उपस्थित थे। अभियान के माध्यम से किसानों को खरीफ मौसम की क्षेत्रीय फसलों के लिए उन्नत कृषि तकनीकों, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (SHC) के प्रभावी उपयोग, सरकारी योजनाओं और कृषि नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों से फीडबैक लेकर अनुसंधान को और उपयोगी बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
उप संचालक कृषि श्री सी.एल. केवड़ा ने बताया कि अभियान के तहत कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), ICAR और कृषि महाविद्यालयों के वैज्ञानिक तथा विभागीय अधिकारी गांवों में जाकर किसानों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे। इसमें कृषि, कृषि अभियांत्रिकी, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य विभाग के मैदानी अधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्रगतिशील किसानों को अभियान में शामिल कर उनके नवाचार और अनुभव साझा किए जाएंगे। किसानों को सोयाबीन जैसी खरीफ फसलों के लिए BBF प्रणाली सहित मशीन आधारित उन्नत तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। अभियान में ICAR, KVK और इफको संस्थानों की सहायता से कृषि ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही ICT और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। जिले में खरीफ पूर्व तैयारियों को अभियान से जोड़ा गया है, जिससे व्यापक असर सुनिश्चित किया जा सके।

