- प्रधानमंत्री और लोकसभा अध्यक्ष सहित कई राज्यपाल और मुख्यमंत्रियों ने जताया शोक
- चार साल पहले दादी हृदयमोहिनी के देहावसान के बाद बनीं थीं मुख्य प्रशासिका
- वर्ष 2006 में आपके नेतृत्व में निकाली गई युवा पदयात्रा ने बनाया था लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड
- प्रधानमंत्री, लोक सभा अध्यक्ष, राजस्थान के राज्यपाल, सीएम, छग के राज्यपाल और सीएम, तेलंगाना के सीएम ने जताया शोक
फैक्ट फाइल-
- 25 मार्च 1925 को सिंध हैदराबाद में जन्म
- 13 वर्ष की आयु में 1937 में ब्रह्मा बाबा से मिलीं
- 50 हजार ब्रह्माकुमारी पाठशाला संचालित
- 50 हजार ब्रह्माकुमारी बहनों की हैं नायिका
- 6000 सेवाकेंद्र दादी के मार्गदर्शन में संचालित
- 1956 से 1969 तक मुंबई में दीं सेवाएं
- 1954 जापान में विश्व शांति सम्मेलन में किया संस्थान का प्रतिनिधित्व
दैनिक आगाज इंडिया 8 अप्रैल 2025 आबू रोड (राजस्थान)।, ब्रह्माकुमारीज़ की प्रमुख 101 वर्षीय राजयोगिनी दादी रतनमोहिनी नहीं रहीं। अहमदाबाद के जाइडिस अस्पताल में (सोमवार) रात्रि 1.20 बजे अंतिम सांस ली। उनके पार्थिक शरीर को मुख्यालय शांतिवन के कॉन्फ्रेंस हाल में अंतिम दर्शनार्थ रखा गया है, जहां श्रद्धांजली देने के लिए लोगों की कतार लगी है। 10 अप्रैल को सुबह 10 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दादी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आप आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर थीं। आप सदैव प्रकाश, ज्ञान और करुणा के रूप में याद की जाएंगी। आपकी जीवन यात्रा सादगी और सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता में निहित रही। आपकी विनम्रता, धैर्य, विचारों की स्पष्टता और दयालुता सदा याद रही। दुख की इस मैं ब्रह्माकुमारीज़ के साथ हूं। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, सीएम भजनलाल शर्मा, छग के राज्यपाल रमन डेका और सीएम विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री वसंुधरा राजे सिंधिया, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शोक जताते हुए श्रद्धांजली दी है। दादी के निधन की खबर से संस्थान के विश्वभर में फैले सेवाकेंद्रों और साधकों में शोक की लहर है। मुख्यालय में अखंड योग-साधना का दौर जारी है।
बता दें कि चार वर्ष पूर्व दादी हृदयमोहिनी के देहावसान के बाद आप मुख्य प्रशासिका बनीं थीं। पिछले 40 साल से आप संस्थान के युवा प्रभाग की अध्यक्षा रहीं। आपके नेतृत्व में वर्ष 2006 में भारतभर में निकाली गई युवा पदयात्रा को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया गया था। 2014 को गुलबर्गा विश्वविद्यालय ने दादी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा था।
आप मात्र 13 वर्ष की आयु में ही ब्रह्माकुमारीज से जुड़ीं और पूरा जीवन समाज कल्याण में समर्पित कर दिया। 101 वर्ष की आयु में भी दादी की दिनचर्या अलसुबह ब्रह्ममुहूर्त में 3.30 बजे से शुरू हो जाती थी। सबसे पहले वह परमपिता शिव परमात्मा का ध्यान करती थी। राजयोग मेडिटेशन उनकी दिनचर्या में शामिल रहा।
सिंध हैदराबाद में हुआ था जन्म-
25 मार्च 1925 को सिंध हैदराबाद के एक साधारण परिवार में दैवी स्वरूपा बेटी ने जन्म लिया। माता-पिता ने नाम रखा लक्ष्मी। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि कल यही बेटी अध्यात्म और नारी शक्ति का जगमग सितारा बनकर सारे जग को रोशन करेगी। बचपन से अध्यात्म के प्रति लगन और परमात्मा को पाने की चाह में मात्र 13 वर्ष की उम्र में लक्ष्मी ने विश्व शांति और नारी सशक्तिकरण की मुहिम में खुद को झोंक दिया।
87 वर्ष की यात्रा की रहीं साक्षी-
दादी वर्ष 1937 में ब्रह्माकुमारीज़ की स्थापना से लेकर आज तक 87 वर्ष की यात्रा की साक्षी रही हैं। पिछले 40 से अधिक वर्ष से आप संगठन के ही युवा प्रभाग की अध्यक्षा की भी जिम्मेदारी संभाल रही हैं। आपके नेतृत्व में युवा प्रभाग द्वारा देशभर में अनेक राष्ट्रीय युवा पदयात्रा, साइकिल यात्रा और अन्य अभियान चलाए गए।
ब्रह्मा बाबा के साथ 32 साल का लंबा सफर-
दादी रतनमोहिनी में बचपन से ही भक्तिभाव के संस्कार रहे। छोटी सी उम्र होने के बाद भी आप अन्य बच्चों की तरह खेलने-कूदने के स्थान पर ईश्वर की आराधना में अपना ज्यादा वक्त गुजारती थीं। स्वभाव धीर-गंभीर था। पढ़ाई में भी होशियार होने के साथ प्रतिभा संपन्न रहीं हैं। दादीजी ने वर्ष 1937 से लेकर ब्रह्मा बाबा के अव्यक्त होने (वर्ष 1969) तक साए की तरह साथ रहीं। इन 32 साल में आप बाबा के हर पल साथ रहीं। बाबा का कहना और दादी का करना यह विशेषता शुरू से ही थी।
बहनों की ट्रेनिंग और नियुक्ति की कमान-
वर्ष 1996 में ब्रह्माकुमारीज़ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में तय हुआ कि अब विधिवत बेटियों को ब्रह्माकुमारी बनने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए एक ट्रेनिंग सेंटर बनाया गया और तत्कालीन मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि ने आपको ट्रेनिंग प्रोग्राम की हैड नियुक्त किया। तब से लेकर आज तक बहनों की नियुक्ति और ट्रेनिंग की जिम्मेदारी दादीजी के हाथों में रही। दादी के नेतृत्व में अब तक 6000 सेवाकेंद्रों की नींव रखी गई है।
40 साल से युवा प्रभाग की संभाल रहीं हैं कमान
युवा प्रभाग द्वारा दादीजी के नेतृत्व में 2006 में निकाली गई स्वर्णिम भारत युवा पदयात्रा ने ब्रह्माकुमारीज़ के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया। पद यात्रा द्वारा पूरे देश में 30 हजार किमी का सफर तय किया गया। इसमें पांच लाख ब्रह्माकुमार भाई-बहनों ने भाग लिया। सवा करोड़ लोगों को शांति, प्रेम, एकता, सौहार्द्र, विश्व बंधुत्व, अध्यात्म, व्यसनमुक्ति और राजयोग ध्यान का संदेश दिया गया।
देश में बनाए कई रिकार्ड
दादी के ही नेतृत्व में 1985 में भारत एकता युवा पदयात्रा निकाली गई। इससे 12550 किमी की दूरी तय की गई। यात्रा का शुभारंभ तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने किया था। कन्याकुमारी से दिल्ली (3300 किमी) की सबसे लंबी यात्रा रही। दादी के निर्देशन में करीब 70 हजार किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्राएं निकाली गईं।
1985 में दादी ने की 13 पैदल यात्राएं…
वर्ष 2006 में निकाली गई युवा पदयात्रा ने लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में जहां नाम दर्ज कराया, वहीं सभी यात्रियों ने 30 हजार किमी की पैदल यात्रा तय की। दादी ने 13 मेगा पैदल यात्राएं की हैं। आपको देश-विदेश में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से समय प्रति समय दादी को सम्मानित किया गया है।
देशभर से मीटिंग में पहुंचे भाई-बहनों ने दी श्रद्धांजली-
अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बीके मोहिनी दीदी, संयुक्त मुख्य प्रशासिका बीके मुन्नी दीदी, बीके संतोष दीदी, अतिरिक्त महासचिव बीके डॉ. मृत्युंजय भाई व बीके करुणा भाई, जयपुर सबजोन की निदेशिका बीके सुषमा दीदी, बीके शारदा दीदी, बीके मनोरमा दीदी सहित बता देशभर से पहुंचे भाई-बहनों ने पुष्पांजली अर्पित कर दादी के निमित्त योग किया।
दादीजी की सेवा का सफर-
- 1954 में जापान में आयोजित विश्व शांति सम्मेलन में ब्रह्माकुमारीज़ का प्रतिनिधित्व किया। एक वर्ष तक एशिया के देशों में सेवाएं दीं।
- 1956 से 1969 तक मुंबई में ईश्वरीय ज्ञान का प्रचार-प्रसार किया। आध्यात्मिक सेवा के लिए भारत के विभिन्न हिस्सों की यात्रा की। देशभर में कई सेमिनार और सम्मेलन आयोजित किए।
- 1972 से 1974 तक यूनाइटेड किंगडम में सेवाकेंद्रों की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई।
- 1993 मॉरीशस और दक्षिण अफ्रीका की यात्रा की और व्याख्यान दिए।
- 1994 कैरेबियन, संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा में भारतीय संस्कृति का संदेश दिया।
- 1995 में देशभर में युवा विकास अभियान चलाया गया। इसमें माध्यम से युवाओं को अध्यात्म और राजयोग का संदेश दिया गया।
- 2001 में ब्राज़ील, अटलांटा (यूएसए), यूके में नेशनल एडवांस मेडिटेशन रिट्रीट की यात्रा की और संचालन किया।
- 2003 में मास्को और सेंट पीटर्सबर्ग, रूस में नेशनल एडवांस मेडिटेशन रिट्रीट की यात्रा की और आयोजन किया।
- 2005 में डब्ल्यूपीसी 1954 के स्वर्ण जयंती वर्ष की स्मृति में दादी ने जापान (फिलीपींस और हांगकांग) का दौरा किया।
फोटो- 08 एबीआर 01, 02- दादी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए वरिष्ठ भाई-बहनें।
फोटो- 08 एबीआर 03- शांतिवन में कार्यक्रम में आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दादी का अभिवादन करते हुए।
फोटो- 08 एबीआर 05- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सम्मान करते हुए दादी।
फोटो- 08 एबीआर 06- राजस्थान के सीएम के साथ दादी।
फोटो- 08 एबीआर 04- दादी को श्रद्धांजली देने के दौरान अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी बीके मोहिनी दीदी व दादी की निजी सचिव बीके लीला दीदी भावुक हो गईं।
फोटो- 08 एबीआर 09- पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी हृदयमोहिनी के साथ दादी रतन मोहिनी।



























